
दिन भर दफ्तर की थकान के बाद घर पहुंचा। सोचा मेरे गृह (घर) की मंत्री प्यार से पानी तो पूछेंगी। रोज आने में थोड़ी देर हो जाती है। आज जल्दी देखा तो पूछ लिया कि जल्दी क्यों आई हो। जवाब मिला राखी का स्वयंबर आने वाला है। मैं समझ गया कि जिस ड्रामे को दुनिया देख रही है। उसका एक दर्शक मेरे घर में भी होगा। लो जी पानी मैंने खुद से पी लिया। हसरत हुई कि कुछ खा लूं। भूख तो लग ही जाती है। लेकिन समझ में आ गया कि जब तक ये स्वयंबर शो खत्म नहीं होगा। कुछ नहीं मिलेगा। अपने घर से काफी दूर हूं। माता-पिता दूसरी जगह रहते हैं। सोचा उनसे बात कर लूं। मोबाइल निकाला और मिला दिया अपने घर का नंबर। मां ने फोन उठाया। हाल-चाल तो दूर की बात। मेरी मां ने कहा अभी राखी सावंत का स्वयंबर आ रहा है। थोड़ी देर बाद फोन करना। आखिर इस स्वयंबर में ऐसा क्या है। मैंने रामायण पड़ी है। इसलिए स्वयंवर के बारे में जानता हूं। इस शो के बारे में काफी-कुछ पढ़ और सुन चुका हूं। सड़कों के किनारे बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स पर भी इस शो की कुछ तस्वीरें देखी हैं। मन में आया चलो आज ये शो भी देख लें। आखिर ऐसा क्या है इस स्वयंबर में। राखी सावंत को देखा तो फ्लैशबैक में चला गया। राखी के ना जाने कितने ड्रामे मैंने बतौर रिपोर्टर कवर किए। कभी बाथरूम में बुद्ध की मूर्ति लगाना, तो कभी बॉलीवुड के आईटम गर्ल्स के साथ कैटफाईट। इसी समय मुझे याद आया राखी का मीडिया प्रेम। राखी ने हजारों बार कहा है कि वो मीडिय़ा की बेटी हैं। इस बेटी की इज्जत भरी मीडिया के सामने पार्टी में मीका ने उतारी। फिर याद आया मीका का वो किस। आज भी उस पर सवाल बना हुआ है कि मीका ने सबकुछ कहीं राखी के कहने पर ही तो नहीं किया। फिर याद आया कि अपने पुराने ब्वॉयफ्रेंड अभिषेक को कैसे राखी ने थप्पड़ मारा था। और ना जाने क्या-क्या। इन किस्सों को लिखता जाऊं तो सुबह से शाम हो जाए। जी तो मैं कह रहा था, कि उस लड़की का स्वयंवर देखने मैं बैठा। देश के कई हिस्सों से राखी के दीवाने आए। लिखने के पहले मैंने शो के कई एपिसोड देखे। ये स्वयंवर कुछ-कुछ महाभारत का रंग ले रहा था। स्वयंवर में आए सभी दूल्हों के थ राखी के बोलने, हंसने उठने, बैठने का तरीका एक जैसा ही है। राखी की आंखों में हर किसी के लिए एक जैसा ही प्यार दिखाई देता है। जैसे हर किसी से उन्हे प्यार हो गया है। आखिर में बचे तीन दूल्हों में तो मानो मुझे काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। लेकिन ये नहीं समझ में आया कि राखी किसे चाहती है। तीनों के साथ राखी का बर्ताव देखकर मुझे महाभारत के द्रौपदी की याद आ गई। पांचाली के पांच पति तो राखी के लगभग तीन पति। लेकिन कुछ कहने से बात बढ़ जाएगी। तो इतना ही समझिए कि इस शादी के पहले ही राखी के तीनों पति अपना इम्तेहान देंगे। जिसपर राखी का दिल आएगा उनसे राखी शादी करेंगी। ऐसा बी सुना है कि ये शादी नहीं होगी। या शादी के वक्त मीका या अभिषेक की एंट्री भी हो जाएगी। भई इस स्वयंवर में ट्विस्ट तो काफी हैं। तभी तो मैं अपनी भूख प्यास भी भूल गया। मैं रिएलिटी शो देखने बैठा था, लेकिन इतना हंसा जितना किसी कॉमडी शो को देखकर नहीं हंसा था। अब समझ में आया कि जबतक ये शो चलेगा ना मां सुनेगी, ना बीवी।
अगर आप कभी उदास हों, तो आप भी ये शो ज़रूर देखिएगा। यकीन मानिए हंस-हंस कर आपका पेट भर जाएगा।
अगर आप कभी उदास हों, तो आप भी ये शो ज़रूर देखिएगा। यकीन मानिए हंस-हंस कर आपका पेट भर जाएगा।

No comments:
Post a Comment